जबलपुर: महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में संस्कारधानी जबलपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत देश के सबसे साफ शहरों में अव्वल स्थान दिलाने के लिए शासकीय महाकौशल महाविद्यालय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में एक विशेष नागरिक फीडबैक जागरूकता अभियान चलाया गया।
जिसमें नगर निगम के अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, संभागीय नोडल अधिकारी प्रो. अरुण शुक्ल, शैलेंद्र पाण्डेय, नर्मदा प्रसाद शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अलकेश चतुर्वेदी और लोकनाथ संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य श्री परमार विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने युवाओं को स्वच्छता के प्रति उनके सामाजिक दायित्वों का बोध कराया, जिसके बाद लगभग 240 छात्र-छात्राओं ने डिजिटल माध्यम से अपना फीडबैक दर्ज करने और शहर के अन्य लोगों को इस अभियान से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया।
क्यूआर कोड से फीडबैक देने की सीखी प्रक्रिया
जागरूकता अभियान के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं को स्वच्छता रैंकिंग में नागरिक फीडबैक की भूमिका और उसके महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। नगर निगम के अधिकारियों और कॉलेज के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को नगर निगम जबलपुर के आधिकारिक नागरिक फीडबैक पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इसके साथ ही डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए क्यूआर कोड के माध्यम से स्वच्छ सर्वेक्षण से जुड़े विभिन्न सवालों के जवाब ऑनलाइन दर्ज करने की व्यावहारिक प्रक्रिया भी सिखाई गई। युवाओं को प्रेरित किया गया कि वे न केवल स्वयं इस प्रक्रिया का हिस्सा बनें, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों, आस-पड़ोस के लोगों और अपने परिचितों को भी फीडबैक फॉर्म भरने के लिए जागरूक करें ताकि शहर की जनभागीदारी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया जा सके।
