
नीमच। प्रदेश सरकार के पटवारियों की पदोन्नति न किए जाने के आदेश के खिलाफ जिलेभर के पटवारियों ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला पटवारी संघ के बैनर तले पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों में उनकी पांच सूत्रीय मांगों का निराकरण नहीं हुआ, तो 15 से 17 जुलाई तक तीन दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
जिस पद पर भर्ती, उसी से हो रहे सेवानिवृत्त
पटवारियों का कहना है कि वे जिस पद पर भर्ती होते हैं, वर्षों की सेवा के बाद भी उसी पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सरकार की इस नीति के कारण पटवारी संवर्ग में गहरा आक्रोश है और उन्होंने इसे अपने साथ अन्याय बताया है।
अटके कैडर रिव्यू समेत उठाईं पांच सूत्रीय मांगें
ज्ञापन में पटवारियों ने शासन स्तर पर अटके कैडर रिव्यू प्रस्ताव को तत्काल लागू करने और अन्य विभागों की तर्ज पर पदोन्नति देने की मांग की है। इसके अलावा पदोन्नति से वंचितों को समयमान वेतनमान देने, पिछले 25 वर्षों में केवल एक बार हुई नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा को दोबारा कराने, नियमित परामर्शदात्री बैठकें करने और जिले से बाहर स्थानांतरित पटवारियों को कार्यमुक्त करने की मांग शामिल है।
नवंबर में मिला आश्वासन अब तक अधूरा
पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि नवंबर 2025 में मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात के दौरान महाधिवेशन का आश्वासन मिला था। हालांकि, अब तक इसकी तारीख तय न होने और कोई आदेश जारी न होने से पटवारी संवर्ग स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहा है।
