सिंगरौली: कलेक्टर के निर्देश के बाद देवसर के नौढ़िया बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज हो गई है। आज बुधवार को एसडीएम व एसडीओपी , तहसीलदार व पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यापारियों और कब्जाधारियों को अंतिम चेतावनी दी। प्रशासन ने साफ कहा है कि कल गुरुवार तक स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सामान जप्त करने के साथ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम सौरभ मिश्रा, एसडीओपी गायत्री तिवारी और तहसीलदार देवसर ऋषि नारायण सिंह ने अमले के साथ नौढ़िया बाजार एवं नेशनल हाईवे-39 किनारे भ्रमण किया। इस दौरान सड़क किनारे रखे सामान, टीन-शेड, गुमटी और अन्य अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने व्यापारियों से कहा कि सड़क पर फैलाया गया सामान आम लोगों और वाहनों की आवाजाही में बाधा बन रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में देवसर भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने स्थानीय राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि नेशनल हाईवे-39 को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। कलेक्टर के निर्देश के पालन में यह अभियान शुरू किया गया है। कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई और लोगों से स्वेच्छा से कब्जा हटाने की अपील की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और अतिक्रमण मिलने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
