
भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा आत्महत्या मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक तंखा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
विवेक तंखा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले आठ दिनों से इस मामले को लेकर अविश्वास और गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने लिखा कि पीड़ित परिवार अब तक अंतिम संस्कार नहीं कर पाया है और पूरे मामले में लोगों की भावनाएं लगातार उग्र होती जा रही हैं।
तंखा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और लोगों का भरोसा कायम रखने के लिए इसे सीबीआई को सौंपना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर जल्द निर्णय लेने की अपील भी की।
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से परिवार लगातार जांच पर सवाल उठा रहा है और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहा है। इसी बीच कांग्रेस नेता की ओर से सीबीआई जांच की मांग ने मामले को और अधिक चर्चा में ला दिया है।
