जबलपुर: नगरीय विकास और जन-कल्याण के क्षेत्र में जबलपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि पी.एम. स्वनिधि 2.0 योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जबलपुर ने देश भर के बड़े शहरों 10 लाख से 40 लाख तक की जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
इस गौरवमयी उपलब्धि पर मध्यप्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय के आयुक्त संकेत भोंडवे ने जबलपुर के निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार को विशेष अर्धशासकीय प्रशंसा-पत्र भेजकर पूरी टीम को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
इन प्रयासों से मिली जबलपुर को राष्ट्रीय पहचान
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने अपने पत्र में जबलपुर नगर निगम द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किए गए जमीनी प्रयासों की खुलकर सराहना की है। उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि जबलपुर निगम द्वारा सूक्ष्म स्तर पर सतत अनुश्रवण योजना की हर स्तर पर बारीकी से समीक्षा की गई। स्ट्रीट वेंडर्स व्यवसायियों को बिना किसी देरी के समय पर ऋण उपलब्ध कराया गया। शहर के कोने-कोने में जागरूकता अभियान चलाकर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाया गया। छोटे दुकानदारों को डिजिटल भुगतान से जोड़कर उन्हें आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने में उत्कृष्ट कार्य किया गया।
अनुकरणीय है जबलपुर का मॉडल
आयुक्त नगरीय प्रशासन ने प्रशंसा-पत्र में लिखा है कि जबलपुर नगर निगम द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी कार्यकुशलता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया गया है, जो प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी पूरी तरह अनुकरणीय है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी जबलपुर निगम इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए अपने निकाय को प्रदेश और देश स्तर पर हमेशा अग्रणी बनाए रखेगा।
