ट्रक को कंटेनर ने पीछे से मारी टक्कर, दोनों के चालकों की मौत

मंडला। मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 मार्ग में मंगलवार तड़के एक ट्रक और कंटेनर के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालकों की दर्दनाक मौत हो गई। टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे की है। ट्रक क्रमांक सीजी 22 जे 6075 जबलपुर से मंडला की ओर आ रहा था। चिरी घाट पर अचानक ट्रक का टायर पंचर हो गया। चालक ने सावधानी बरतते हुए ट्रक को सड़क के किनारे अपनी साइड में खड़ा किया और नीचे बैठकर पंचर टायर को खोलने लगा। इसी दौरान जबलपुर की दिशा से ही आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर क्रमांक आरजे 11 जीसी 8798 के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। घाट की ढलान और अत्यधिक गति के कारण कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पूरा इलाका दहल उठा।

वाहन में फंस गया चालक

बताया गया कि यह भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया। वहीं ट्रक के नीचे बैठकर पंचर हुए टायर को खोल रहे ट्रक चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह भी इस भीषण टक्कर की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया कि मृतकों में ट्रक चालक आनंद किशोर टोप्पो पिता इमेल टोप्पो 51 वर्ष निवासी घोंटा, बिछिया, कंटेनर चालक सर्वेश पिता श्याम लाल गोंड 40 वर्ष निवासी ढोलपुर राजस्थान है। घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वाहनों से बाहर निकाला गया। दोनों मृतकों के शवों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों के मालिकों और मृतकों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई। सूचना मिलते ही परिजन और वाहन मालिक नारायणगंज पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हादसे की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।

Next Post

कान्हा नेशनल पार्क में 5 वर्षीय नर बाघ की मौत

Tue May 19 , 2026
मंडला। विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की परिक्षेत्र के बीट मोहगांव के कक्ष क्रमांक 156 में एक 5 से 6 वर्ष के नर बाघ का शव मिलने से पार्क प्रबंधन और वन्यजीव प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है । प्रारंभिक जांच में बाघ की मौत आपसी संघर्ष […]

You May Like