पेड़ से टकराई एम्बुलेंस में लगी आग, जिंदा जला चालक

बालाघाट। जिले के खर्रा गांव परसवाड़ा में आज उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब तेज गति से आ रही एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराते हुए एम्बुलेंस में आग लग गई, जिससे चालक माइकल अंतुने मोरिस जिंदा जल गया। पुलिस को पूछताछ में संतरीटोला निवासी कमलेश कुशरे ने बताया कि वह अपने जीजा शिवा पंद्रे के साथ मजदूरी के लिए नागपुर गया था। रविवार को भवन निर्माण कार्य के दौरान शिवा का पैर टूट गया। नागपुर में इलाज के बाद कमलेश, शिवा को एम्बुलेंस से लेकर रात करीब 2 बजे संतरीटोला गांव पहुंचा था। ड्राइवर माइकल संतरी टोला में ही सो गया था। वह सुबह करीब 5 बजे एम्बुलेंस लेकर मंडला होते हुए नागपुर के लिए निकला था। इसी दौरान गाड़ी पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराते हुए गाड़ी पलट गई और उसमें आग लग गई। आग लगने के कारण ड्राइवर अंतुने मोरिस वाहन में ही फंस गया और आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एम्बुलेंस को आग की चपेट में देख आसपास से गुजर रहे लोगों में चीख पुकार मच गई, यहां तक कि स्थानीय लोग भी घरों से बाहर निकल आए। जिन्होने घटना की खबर तत्काल पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड बुलाकर आग बुझवाई। उस वक्त तक एम्बुलेंस जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है।

Next Post

जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच संवाद का है महत्वपूर्ण माध्यम: विकास

Tue May 19 , 2026
सीधी। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे 457 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम […]

You May Like