सिंगरौली : जिले में शासकीय कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने एवं प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने के लिए कलेक्टर गौरव बैनल ने बड़ी कार्रवाई की है।कार्यालयीन समय में बिना पूर्व सूचना एवं अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित रहने वाले 41 अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए उनका एक दिवस का वेतन काटने यानी अवैतनिक करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जानकारी के अनुसार 15 मई को सुबह लगभग 10:45 बजे कार्यालयीन समय के दौरान उपस्थिति पंजी का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रजिस्टर में 41 अधिकारी एवं कर्मचारियों के हस्ताक्षर दर्ज नहीं पाए गए। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना तथा सक्षम अधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराए कार्यालय से अनुपस्थित मिले। इस स्थिति को कलेक्टर गौरव बैनल ने गंभीर अनुशासनहीनता माना। इसी के तहत कलेक्टर द्वारा सभी 41 अधिकारी-कर्मचारियों का 15 मई का एक दिवस का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
