
भोपाल। कोलार थाना इलाके में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. महिला एक निजी स्कूल में बच्चों को संभालने का काम करती थी. शादी के कुछ सालों बाद भी महिला की कोई संतान नहीं थी. घटना स्थल पर पहुंची पुलिस को मौके पर सुसाइड़ नोट बरामद नहीं हुआ. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
एसआई पप्पू कटियार ने बताया कि महिला दुर्गा अहरिवार (24) बंजारी क्षेत्र में निवास करती थी. दुर्गा का पति आकाश अहिरवार मजूदरी का काम करता है. रविवार को काम करने के बाद आकाश जब घर पहुंचा तो उसने दुर्गा को फंदे पर लटकते देखा. आकाश ने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को फंदे से उतार कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दुर्गा और आकाश की शादी चार साल पहले हुई थी. दोनों पति पत्नी अपने मकान में अकेले रहते थे. उनकी कोई संतान भी नहीं थी. पुलिस को मौके पर दुर्गा के कुछ दवाओं के पर्चे बरामद हुए हैं. मर्ग कायम कर कोलार पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
