सिंधिया और रियो ने नागालैंड के कॉफी मूल्य शृंखला विकास परियोजना की शुरुआत की

दीमापुर, 18 मई (वार्ता) केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सोमवार को यहां के संचार भवन में संयुक्त रूप से ‘नागालैंड में क्लस्टर-आधारित कॉफी मूल्य शृंखला विकास’ परियोजना की शुरुआत की।

परियोजना के इस ई-लॉन्च के दौरान नागालैंड के उपमुख्यमंत्री टीआर जेलियांग, भूमि संसाधन विभाग के सलाहकार जी इकुतो झिमोमी, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, भारतीय कॉफी बोर्ड के प्रतिनिधि, किसान और उद्यमी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री रियो ने नागालैंड में कॉफी के विकास से जुड़ी इस परिवर्तनकारी परियोजना के लिए उदारतापूर्वक सहयोग देने पर मंत्री सिंधिया का आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास और उत्तर पूर्वी परिषद का नागालैंड के भूमि संसाधन विभाग को 44.06 करोड़ रुपये प्रदान किये जा रहे हैं।

राज्य में कॉफी की संभावनाओं पर श्री रियो ने कहा कि कॉफी अब केवल वैकल्पिक फसल नहीं रह गयी है, बल्कि यह सतत समृद्धि का माध्यम बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि साल 2021-22 के महज 21 टन से बढ़कर इसका उत्पादन 2024-25 में लगभग 73 टन हो गया है, जिसे ‘विकसित नागालैंड’ के तहत साल 2047 तक 50,000 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती के लक्ष्य तक पहुंचाने का इरादा है।

श्री रियो ने बताया कि इस परियोजना के तहत दो पायलट क्लस्टर्स— कोहिमा जिले के तुओफेमा और निउलैंड जिले के घोटोवी का चयन किया गया है। इसका आगे चलकर नागालैंड के सभी जिलों में विस्तार किया जायेगा।

 

 

 

Next Post

भारत और नार्वें का संबंधों को 'ग्रीन स्ट्रटीजिक पार्ट्नर्शिप' में बदलने का निर्णय: मोदी

Mon May 18 , 2026
ओस्लो 18 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वैश्चिक अस्थिरता के माहौल के बीच भारत और यूरोप के संबंध स्वर्णिम युग में प्रवेश कर रहे हैं और इसके अंतर्गत भारत तथा नार्वें ने अपने संबंधों को ‘ग्रीन स्ट्रटीजिक पार्ट्नर्शिप’ के स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया […]

You May Like