
छतरपुर। जिला मुख्यालय के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत कैडी ब्रिज के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक कीमत की अंग्रेजी शराब से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पूरी तरह पलट गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और शनिवार देर शाम इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
तेज आवाज के साथ पलटा ट्रक, बिखरीं शराब की पेटियां
जानकारी के अनुसार, ट्रक करीब 1300 पेटियां शराब लेकर ग्वालियर से रीवा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन ओरछा रोड क्षेत्र के कैडी ब्रिज के समीप पहुंचा, चालक अचानक संतुलन खो बैठा और ट्रक रफ्तार तेज होने के कारण पलट गया। हादसे के दौरान हुई जोरदार आवाज को सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। ट्रक के पलटते ही शराब की कई पेटियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि सैकड़ों पेटियां सड़क किनारे बिखर गईं।
पुलिस ने मुस्तैदी से घेरा इलाका, चोरी होने से बचाई खेप
घटना की संवेदनशीलता और शराब लूटने की आशंका को देखते हुए ओरछा रोड थाना पुलिस सूचना मिलते ही भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी ताकि शराब की पेटियों को कोई नुकसान न पहुंचा सके या चोरी न किया जा सके। इसके बाद पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से ट्रक में फंसे ड्राइवर और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रक को सीधा कराते हुए सुचारू कराया। पुलिस और प्रशासन की टीमें देर रात तक शराब की सुरक्षित पेटियों को दूसरे वाहन में शिफ्ट कराने में जुटी रहीं। ओरछा रोड पुलिस के अनुसार, दुर्घटना की प्राथमिक वजह तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ना लग रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक में लदी शराब के वैध दस्तावेजों व परमिट की बारीकी से जांच की जा रही है।
