मुंबई, 17 मई (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) ने घरेलू पूंजी बाजार में मई के महीने में अबतक 23,545 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है।
यह लगातार तीसरा महीना है जब एफपीआई बिकवाल बने हुए हैं। इससे पहले मार्च में उन्होंने रिकॉर्ड 1,26,991 करोड़ रुपये और अप्रैल में 70,786 करोड़ की शुद्ध निकासी की थी।
शुद्ध निकासी बाजार में लगायी गयी पूंजी और बाजार से निकाली गयी पूंजी का अंतर होता है।
केंद्रीय डिपॉजिटरी सेवा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मई में इक्विटी में एफपीआई का निवेश 27,048 करोड़ रुपये कम हुआ। वहीं, अन्य उपकरणों में उन्होंने शुद्ध रूप से लिवाली की है।
डेट में उन्होंने 2,429 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। इसमें सामान्य सीमा के तहत एफपीआई ने अपना निवेश कम किया है जबकि स्वैच्छिक रिटेंशन रूट (वीआरआर) और पूर्ण पहुंच रूट (एफएआर) के तहत उन्होंने निवेश बढ़ाया है।
हाइब्रिड उपकरणों में एफपीआई का शुद्ध निवेश 931 करोड़ रुपये रहा। म्यूचुअल फंड में एफपीआई का निवेश 143 करोड़ रुपये रहा। इसमें इक्विटी आधारित म्यूचुअल फंड में उन्होंने 134 करोड़ रुपये का निवेश किया।
मौजूदा कैलेंडर वर्ष में अबतक एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाजार से 2,12,546 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है। फरवरी को छोड़कर बाकी सभी महीनों में उनका निवेश घटा है।
इस दौरान, इक्विटी में उन्होंने सबसे अधिक 2,19,017 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है। डेट में उनका निवेश सकारात्मक रहा जबकि म्यूचुअल फंड और हाइब्रिड उपकरणों में उन्होंने शुद्ध रूप से बिकवाली की है।
