
बैतूल। बैतूल जिले के हिवरखेड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक 16 वर्षीय छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। स्कूली छात्र छुट्टियां बिताने अपने ननिहाल आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गौरव सोलंकी के रूप में हुई है, जो मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम मोही का निवासी था। गौरव कक्षा 10वीं का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आज सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच गांव के तालाब में एक किशोर को डूबते हुए देखा गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से करीब 10 बजे किशोर के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैतूल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि गौरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है। उसके पिता घनश्याम सिंह सोलंकी खेती-किसानी का कार्य करते हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्र तालाब तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी डूबने से मौत हुई।
