
जबलपुर। साइबर ठग हर दिन नए-नए पैंतरे आजमा रहे है। अब ठग आरीटीओ चालान के नाम से व्हाट्सएप पर खतरनाक वायरस भेज रहे है और खातों से रकम उड़ा रहे है। जिसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों को व्हाट्सएप पर प्रसारित हो रहे एक नए साइबर खतरे आरटीओ चालान फाइल को लेकर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने जोर देकर कहा है कि इस डिजिटल खतरे से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है, अत: किसी भी संदिग्ध फाइल को डाउनलोड न करें और साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या संबंधित थाने पर सूचित करें।
ऐसे कर रहे अटैक-
वर्तमान में विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों और व्यक्तिगत संदेशों के माध्यम से आरटीओ चालान (वी2) एपीके नाम की एक संदिग्ध फाइल तेजी से भेजी जा रही है। यह वास्तव में एक मालवेयर डिलीवरी अटैक है, जिसमें हमलावर सरकारी दस्तावेजों या आरटीओ चालान के नाम का सहारा लेकर लोगों के मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिज्ञासावश इस फाइल को डाउनलोड करना आपके डिवाइस और व्यक्तिगत डेटा को पूरी तरह असुरक्षित बना सकता है, क्योंकि यह सॉफ्टवेयर बिना किसी ओटीपी या लॉगिन के आपके फोन का कंट्रोल हैकर्स को सौंपने में सक्षम है।
