आंधी-तूफान से हुयी 54 मौतों पर अखिलेश यादव ने जताया दुख

लखनऊ, 14 मई ( वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में आए भीषण आंधी-तूफान से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि भदोही, फतेहपुर, सोनभद्र, बदायूं समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और तूफान के कारण 54 लोगों की मौत हो गई, जबकि घर, पेड़ और दीवारें गिरने से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।

सपा अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जाए। उन्होंने कहा कि घायलों के लिए बेहतर और मुफ्त इलाज की तत्काल व्यवस्था की जाए तथा प्रभावित इलाकों में शीघ्र खाना-पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए अस्थायी रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।

श्री यादव ने कहा कि मृतकों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया जाए और आपदा में हुए जानमाल, फसल तथा वाहनों के नुकसान का जल्द आकलन कर प्रभावित परिवारों को बीमा राशि और उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि जो लोग इस आपदा से अप्रभावित हैं, वे पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए आगे आएं।

सपा प्रमुख ने मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

Next Post

डार्डेरी इटेलियन ओपन के सेमीफाइनल में

Thu May 14 , 2026
रोम,14 मई (वार्ता) दो बार के रोम चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव के खिलाफ चौथे राउंड में जीत के रास्ते में चार मैच पॉइंट बचाने के बाद, इटेलियन खिलाड़ी लुसियानो डार्डेरी ने बुधवार सुबह 2:02 बजे खत्म हुए तीन घंटे, आठ मिनट के क्वार्टर-फ़ाइनल में धुएँ के कारण देरी और राफेल जोडार […]

You May Like