
जबलपुर। ग्वारीघाट थाना पुलिस ने बीती रात घेराबंदी करते हुए रेत से ओवरलोड एक हाईवा को पकड़ा है। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे चालक को विसर्जन कुण्ड के पास दबोचा गया। पुलिस ने रेत सहित वाहन को जब्त कर चालक और वाहन मालिक दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ग्वारीघाट थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक हाईवा डम्फर भटौली ग्वारीघाट से अवैध रेत भरकर, बिना किसी रॉयल्टी के बिग बाजार की ओर रवाना हुआ है। सूचना पर तत्काल दुर्गा नगर क्षेत्र में दबिश दी। हाईवा क्रमांक एमपी 20 एच बी 8991 आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और वाहन को तेजी से विसर्जन कुण्ड की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर विसर्जन कुण्ड के पास घेराबंदी की और हाईवा को रोक लिया। पुलिस ने जब हाईवा की जांच की तो वह पूरी तरह रेत से लोड था। चालक राकेश ठाकुर (38) निवासी ग्राम गांजर, थाना पनागर से जब रेत परिवहन से संबंधित रॉयल्टी और वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक के पास कोई कागजात नहीं मिले। आरोपी चालक राकेश ने बताय कि वह यह रेत बेलखाडू से लोड करके लाया था। उसने कबूल किया कि वाहन मालिक वकील यादव के कहने पर वह बिना रॉयल्टी के इस रेत की खेप को ठिकाने लगाने जा रहा था। पुलिस ने अवैध रेत से लदे हाईवा को मौके पर ही जप्त कर लिया है। चालक राकेश ठाकुर और वाहन मालिक वकील यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
