16 व्यवसायियों के प्रतिनिधिमंडल संग चीन पहुंचे ट्रंप, सैन्य सम्मान के साथ हुआ स्वागत

बीजिंग, 13 मई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को चीन पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया और इस दौरान उनके स्वागत के लिए आयोजित समारोह में पारंपरिक औपचारिकता और सैन्य सम्मान का प्रदर्शन किया गया।

इस यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने स्वागत प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग को भेजा।

श्री हान को श्री शी का प्रमुख राजनयिक प्रतिनिधि माना जाता है। वह पहले चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था पोलित ब्यूरो के स्थायी समिति के सदस्य रह चुके हैं और पिछले वर्ष श्री ट्रंप के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए थे।

हवाईअड्डे पर मौजूद अन्य अधिकारियों में चीन में अमेरिकी राजदूत डेविड परड्यू, अमेरिका में चीन के राजदूत शी फेंग तथा चीन के विदेश मंत्रालय के कार्यकारी उप मंत्री मा ज़ाक्शू शामिल थे।

श्री ट्रंप का स्वागत करने के लिए नीले और सफेद रंग की वर्दी पहने लगभग 300 चीनी युवाओं ने हाथों में चीन के झंडे लेकर रनवे पर मार्च किया। इस दौरान सैन्य सम्मान गार्ड और सैन्य बैंड भी मौजूद था।

श्री शी गुरुवार सुबह स्थानीय समयानुसार श्री ट्रंप का औपचारिक स्वागत करेंगे।

चीन में श्री ट्रंप का आगमन दुनिया के दो सबसे बड़े आर्थिक शक्तियों के बीच संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2017 में अपनी पिछली चीन यात्रा के बाद यह किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की पहली यात्रा है।

यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और चीन के बीच प्रौद्योगिकी, व्यापार और ताइवान सहित कई मुद्दों पर प्रतिस्पर्धा और तनाव लगातार बढ़ा है। हाल ही में ईरान युद्ध और चीन-ईरान की निकटता ने भी संबंधों को नयी संवेदनशीलता दी है।

श्री ट्रंप और श्री शी की गुरुवार से शुरू होने वाली दो दिवसीय वार्ता में प्रौद्योगिकी, व्यापार, ताइवान और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विश्लेषकों के अनुसार इन मुद्दों का वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।

यह बैठक अमेरिका-ईरान संघर्ष के संभावित समाधान को लेकर भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ईरान का करीबी साझेदार रहा चीन संभावित मध्यस्थ के रूप में उभर रहा है, हालांकि श्री ट्रंप ने कहा है कि युद्ध समाप्त करने के लिए उन्हें चीन की जरूरत नहीं है।

चीन-अमेरिका वार्ता से कृषि, विमानन और निवेश जैसे क्षेत्रों में बड़े समझौतों की संभावना जतायी जा रही है। इसके अलावा व्यापार संबंधों को स्थिर करने और बाजार पहुंच बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है।

श्री ट्रंप के साथ उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक टीम के कई वरिष्ठ सदस्य भी बीजिंग पहुंचे हैं। इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल में एक दर्जन से अधिक प्रमुख कारोबारी नेता भी शामिल हैं। इनमें टिम कुक, ऐलन मस्क, केली ऑर्टबर्ग, डीना पॉवेल मैककॉर्मिक तथा ब्लैकरॉक, ब्लैकस्टोन, कारगिल, सिटीग्रुप, जीई एयरोस्पेस, गोल्डमैन सैक्स, मास्टरकार्ड, क्वालकॉम और वीज़ा जैसी कंपनियों के अधिकारी शामिल हैं।

एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसेन ह्वांग को अलास्का में एयर फोर्स वन में सवार होते देखा गया, जब विमान ने वहां ईंधन भरा। बाद में श्री मस्क ने एक्स पर कहा कि वह और हुआंग ही राष्ट्रपति ट्रंप के विमान में मौजूद दो कारोबारी थे।

हॉलीवुड निर्देशक ब्रेट रैटनर भी श्री ट्रंप के साथ यात्रा कर रहे हैं। रैटनर “रश ऑवर” फिल्म शृंखला और हाल ही में मेलानिया ट्रंप पर आधारित डॉक्युमेंट्री “मेलानिया” के लिए जाने जाते हैं। वर्ष 2017 में कई महिलाओं द्वारा यौन दुराचार के आरोप लगाये जाने के बाद यह उनका पहला बड़ा प्रोजेक्ट था।

 

 

Next Post

ह्यूमैनिटीज में रुद्राक्षी ने फहराया परचम, 93.2% अंक पाकर आलीराजपुर का बढ़ाया मान

Wed May 13 , 2026
आलीराजपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड CBSE की 12वीं कक्षा (ह्यूमैनिटीज) के परिणामों में अलीराजपुर की होनहार छात्रा रुद्राक्षी नीरजा पियूष चंदेल ने शानदार सफलता हासिल की है। रुद्राक्षी ने 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे असाडा राजपूत समाज का नाम रोशन किया है। ज्ञात हो […]

You May Like