नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) मौसम विभाग ने बुधवार को एक तरफ जहाँ भीषण गर्मी के कारण राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, वही दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में इस सप्ताह के अंत तक मानसून आने के भी संकेत दिये हैं। विभाग के अनुसार, इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पहुंचने के आसार हैं। फिलहाल बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो अगले दो दिनों में और मजबूत हो सकता है। मैदानी इलाकों में जारी गर्मी के प्रकोप के बीच राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले एक हफ्ते तक पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्म हवाएं चलेगीं। इसके साथ ही पूर्वी राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी अगले 4-5 दिनों तक भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा। वहीं विभाग ने दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों में तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 13 से 18 मई के बीच बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में भी बुधवार को मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तर भारत में 15 मई से एक नया ‘पश्चिमी विक्षोभ’ सक्रिय होगा, जिसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को 16 मई तक बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर की ओर न जाने की सलाह दी गई है। किसानों को भी अपनी कटी हुई फसलें सुरक्षित स्थानों पर रखने और खेतों में पानी निकासी के इंतजाम करने को कहा गया है। आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे धूप से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

