तेलंगाना एक्सप्रेस से गिरकर जम्मू-कश्मीर के युवक की मौत, मां-बहन के साथ जा रहा था दिल्ली

बैतूल। जिले में तेलंगाना एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे जम्मू-कश्मीर निवासी एक युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा मुलताई और जौलखेड़ा रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार शाम को हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान सादिक, पिता मोहम्मद आलम, निवासी ग्राम किरानी तलाव, थाना भिंटंडी, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। वह अपनी मां और बहन नूर कलीम के साथ हैदराबाद से नई दिल्ली जा रहा था। परिवार तेलंगाना एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा था।

बताया गया है कि सोमवार शाम मुलताई और जौलखेड़ा रेलवे स्टेशन के बीच खंभा क्रमांक 851/19 के पास सादिक अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मृतक की बहन नूर कलीम ने आमला स्थित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाने में दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और आसपास तलाश की। सादिक का शव अप रेलवे ट्रैक के किनारे नाली में पड़ा मिला।

मुलताई थाना पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई के शासकीय अस्पताल भेजा गया। नूर कलीम ने पुलिस को बताया कि सादिक यात्रा के दौरान ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

जल कार्यों में धीमी प्रगति पर गाज, उपयंत्री के वेतन में कटौती और ईई को सख्त अल्टीमेटम

Tue May 12 , 2026
छतरपुर। जिले में चल रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की समीक्षा के दौरान कलेक्टर पार्थ जैसवाल का सख्त रुख देखने को मिला। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उन्होंने जल संग्रहण कार्यों की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई […]

You May Like