
देवास। शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ‘लुटेरी दुल्हन’ सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 18 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदोरिया ने बताया कि फरियादी जानकीलाल पुवाड़िया निवासी देवास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पुत्र की शादी नहीं हो रही थी। इसी दौरान अंतर सिंह नामक व्यक्ति ने शादी कराने का झांसा देकर करीब 2 लाख रुपये खर्च होने की बात कही।
इसके बाद आरोपियों ने फरियादी परिवार को राजगढ़ जिले के जीरापुर ले जाकर सीमा नामक युवती और उसकी मौसी गीता बाई से रिश्ता तय कराया। बाद में सीमा को देवास लाकर विधिवत विवाह कराया गया, जिसके एवज में आरोपियों ने 2 लाख रुपये ले लिए।
लेकिन शादी के अगले ही दिन दुल्हन सीमा घर से फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित परिवार को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो शादी का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता है और बाद में फरार हो जाता है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीमा बाई, गीता बाई, पूनमचंद लोधी, कमल मालवीय, फारूक मंसूरी और कमल उर्फ दिलीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 1 लाख 18 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है तथा गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
