सतना : जिले में दो अलग अलग स्थानों पर हुए हादसे के चलते पानी में डूबने से 3 लोगों की मौत हो गई. एक ओर जहां खदान में मछली पकडऩे के दौरान डूबने से दो लोग काल के गाल में समा गए वहीं दूसरी ओर मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई. दोनों की मामले में पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलगवां थाने की बाबूपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत सगमनिया निवासी 57 वर्षीय मनसुखलाल कोल और 51 वर्षीय माइका कोल रात के समय मछली पकडऩे के लिए घर से निकले थे.
नैना सगमनिया क्षेत्र में एक पुरानी और बंद हो चुकी खदान में दोनों मछली पकडऩे का प्रयास कर ही रहे थे कि इसी दौरान पैर फिसल जाने के कारण वे गहरे पानी में जा गिरे. रात होने के कारण वहां पर अन्य कोई भी मौजूद नहीं था. लिहाजा उनकी मदद करने के लिए कोई नहीं पहुंच सका. नतीजतन पानी में डूबने के कारण उनकी मौत हो गई. वहीं दूसरी ओर जब दोनों काफी देर तक नहीं लौटे तो अगले दिन सुबह परिजनों ने तलाश शुरु की. खदान के किनारे उनके पकड़े मिलने पर परिजनों को संदेह हुआ लिहाजा खदान के पानी में तलाश शुरु की गई. कुछ देर तक तलाश करने के बाद दोनों के शव बरामद हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं प्रकरण पंजीबद्ध कर विवचेना शुरु कर दी गई.
प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा
मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए हलांकि प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. लेकिन इसके बावजूद भी हुए हादसे में एक युवक की जान चली गई. बताया गया कि कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत माधवगढ़ में टमस नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान असंतुलित होकर एक युवक गहरे पानी में जा गिरा. हलांकि उसे पानी में डूबता देख आस पास के लोगों ने बचाने का प्रयास किया. लेकिन जब तक वे मदद कर पाते तब युवक पानी में समा गया. जिसे देखते हुए पुलिस की उपस्थिति में एसडीआरएफ की टीम द्वारा देर शाम रेस्क्यू शुरु किया गया. कुछ देर तक कड़ी मशक्कत करने के बाद युवक का शव बरामद हो गया. मृतक की पहचान मुख्त्यारगंज निवासी 35 वर्षीय संजय रैकवार के तौर पर हुई
