रायपुर, 09 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महोबा बाजार क्षेत्र स्थित सीपीएस स्कूल परिसर में शुक्रवार शाम निर्माण कार्य के दौरान दीवार गिरने से तीन बच्चियां घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक बच्ची के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है जबकि दो अन्य को सामान्य चोटें आई हैं।
पुलिस से शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार शाम को हुई। स्कूल परिसर में जेसीबी मशीन से मिट्टी समतलीकरण का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान मशीन की टक्कर से परिसर की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त वहां खेल रही हिमांशी मेहर, नंदनी साहू और रोशनी मेहर इसकी चपेट में आ गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल बच्चियों को तत्काल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया है कि हादसे में एक नाबालिग बच्ची का पैर टूट गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस परिसर में हादसा हुआ, वहां स्कूल का संचालन राकेश चतुर्वेदी द्वारा किया जाता है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि निर्माण और तोड़फोड़ कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे तथा बच्चों की आवाजाही पर भी रोक नहीं लगाई गई थी।
घायल बच्चियों हिमांशी मेहर और रोशनी मेहर के पिता संजीव कुमार ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि वे मूलतः मुंगेली जिले के निवासी हैं और ठेकेदार दयाराम साहू के साथ राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण बच्चों की जान जोखिम में पड़ी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
