निर्दोष को न्याय और अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसपी सियाज केएम

सिंगरौली। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक सियाज केएम ने आज शुक्रवार को पदभार ग्रहण करते ही साफ संकेत देते हुये कहा कि आने वाले समय में जिले में पुलिसिंग का स्वरूप अधिक सक्रिय, जवाबदेह और जनहित केंद्रित नजर आएगा। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों से परिचयात्मक बैठक की और जिले की कानून-व्यवस्था, यातायात, अपराध नियंत्रण तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर प्रारंभिक चर्चा की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को विस्तार से सामने रखा।

नवागत पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सिंगरौली उनका पहला जिला है, इसलिए यहां की परिस्थितियों, चुनौतियों और स्थानीय गतिविधियों को समझने में कुछ समय लगेगा, लेकिन प्राथमिकताएं पूरी तरह स्पष्ट हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पुलिस की कार्यशैली ऐसी होगी, जिससे समाज में विश्वास और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि बड़े शहरों की तुलना में यहां ट्रैफिक दबाव कम हैं, लेकिन भारी वाहनों की संख्या अधिक होने से चुनौतियां अलग हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही परिवहन से जुड़ी घटनाओं को रोकने के लिए वाहन चालकों में नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीमवर्क के जरिए कमियों को चिन्हित कर सुधार किया जाएगा, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए एसपी ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा । संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी तथा अपराधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक पुलिसिंग के साथ-साथ जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाएगी। जमीनी हकीकत को बेहतर समझता हूॅ।

हमेशा चर्चाओं में रहा एसपी का कार्यकाल

सिंगरौली में तत्कालीन एसपी मनीष खत्री के स्थानांतरण के बाद पुलिस महकमे के भीतर बदले माहौल की चर्चा तेज हो गई है। नवागत एसपी सियाज केएम के पदभार ग्रहण करते ही एसपी कार्यालय में पदस्थ कनिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अलग तरह का उत्साह देखने को मिला। इसे लेकर प्रशासनिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि बीते कार्यकाल को लेकर भीतर ही भीतर पनप रही नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। मनीष खत्री के कार्यकाल में जिले की कानून व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में रही। चोरी, लूट और बैंक डकैती जैसी घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाए। कई मामलों में अपराधियों तक पहुंचने में देरी और कुछ घटनाओं के खुलासे में सुस्ती को लेकर आमजन में भी असंतोष देखा गया।

जिम्मेदारियों को बखूबी के साथ निर्वहन कराया जाएगा

नवागत पुलिस अधीक्षक सियाज केएम ने कहा कि वह फील्ड के अधिकारी रहे हैं और जमीनी हकीकत को बेहतर ढंग से समझते हैं। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था का आंकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस महकमे में जिस अधिकारी और कर्मचारी को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ निर्वहन सुनिश्चित कराया जाएगा। उनका स्पष्ट संदेश था कि सिंगरौली में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत, संवेदनशील और प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

Next Post

आंधी से पेड़ गिराः ट्रांसफार्मर चकनाचूर, 8 बिजली पोल टूटे

Fri May 8 , 2026
सीधी । जिले के रामपुर नैकिन अंचल के ग्राम लोढ़ाऊटा में गुरुवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण एक विशाल आम का पेड़ बिजली ट्रांसफार्मर पर गिर गया, जिससे ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से चार गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, […]

You May Like