
ग्वालियर। ग्वालियर शहर में शराब दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय के बाद शराब विक्रय एवं मदिरापान कराए जाने जैसी अनियमितताएँ सामने आने पर संबंधित दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई प्रस्तावित की गई। मौके पर ही पंचनामा बनाकर संबंधित लायसेंसियों को आरोप पत्र जारी किए गए। प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई सहायक आबकारी आयुक्त द्वारा की जा रही है।
अनुविभागीय दण्डाधिकारी झांसी रोड अतुल सिंह के नेतृत्व में तहसीलदार कुलदीप दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी नरेश कुशवाह, राजेश तिवारी एवं संतोष यादव की टीम द्वारा अलकापुरी स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान सिटी सेंटर क्रमांक-02 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रात्रि 11:40 बजे दुकान खुली पाई गई। साथ ही प्रथम तल पर चार अलग-अलग टेबलों पर मदिरापान कराए जाने के साक्ष्य एवं खाली बारदाना संग्रहित मिला। इस पर मौके पर पंचनामा तैयार कर लायसेंसी के विरुद्ध आरोप पत्र जारी किया गया।
इसी क्रम में अनुविभागीय दण्डाधिकारी ग्वालियर सिटी प्रदीप शर्मा एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी उमेश कुमार स्वर्णकार के साथ आबकारी विभाग के अमले द्वारा हजीरा क्षेत्र में भी जांच की गई। जांच के दौरान कम्पोजिट मदिरा दुकान लक्ष्मणपुरा पर निर्धारित समय के बाद शराब विक्रय होना पाया गया। इस संबंध में भी मौके पर पंचनामा बनाकर संबंधित लायसेंसी को आरोप पत्र जारी किया गया। सहायक आबकारी आयुक्त द्वारा दोनों प्रकरणों में कार्रवाई की जा रही है।
