उज्जैन: महाकाल की नगरी में अब पश्चिम बंगाल की फेमस झालमुड़ी का स्वाद भी शहरवासियों और श्रद्धालुओं को मिलने जा रहा है. सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच विकसित किए जा रहे नैवेद्य लोक में इंदौर के 56 दुकान की तर्ज पर फूड और फैमिली एंटरटेनमेंट हब तैयार किया गया है.
नैवेद्य लोक की दुकानें खुलते ही वेंडर्स अपने खास पकवान बनाकर परोसेंगे. खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चर्चित हुई पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध झालमुड़ी अब उज्जैन के नैवेद्य लोक में भी मिलने की तैयारी है.
वहां पीएम ने खाई हम सीएम को खिलाएंगे
नवभारत से चर्चा में सांवरिया बड़ापाव के संचालक यश ठाकुर ने बताया कि यदि उन्हें टेंडर में दुकान आवंटित होती है तो वे नैवेद्य लोक में शहरवासियों को स्पेशल बंगाली स्टाइल झालमुड़ी खिलाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में जिस झालमुड़ी का स्वाद लिया था, वही स्वाद अब उज्जैन में मिलेगा और सबसे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को खिलाया जाएगा.
सौगात के बदले झालमुड़ी
मुख्यमंत्री ने उज्जैन को जो सिंहस्थ के मद्देनजर सौगातें दी हैं, वह किसी सपने से कम नहीं हैं. शहर में सड़को का जाल, फ्लाईओवर, नए घाट, एयरपोर्ट, रोप-वे, मेडिकल कॉलेज, आईटी पार्क और मेट्रो जैसे बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आकार ले रहे हैं. यश ने बताया कि शहर विकास की परिकल्पना जो सीएम डॉ यादव ने की है ऐसे में उन्हें सौगात के बदले झालमुडी खिलाई जाएगी.
प्रतिकल्पा के टेंडर हुए ओपन
इधर, नानाखेड़ा स्थित सी-21 मॉल के पास उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 80 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए ‘प्रतिकल्पा’ आवासीय एवं सह वाणिज्यिक प्रोजेक्ट के टेंडर खुल चुके हैं. इस योजना को लेकर निवेशकों और खरीदारों में खासा उत्साह देखने को मिला है. विकास प्राधिकरण को 35 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं. सबसे अधिक रुचि फ्लैट्स को लेकर सामने आई है, जबकि दुकानों के लिए भी बड़ी संख्या में लोगों ने टेंडर डाले हैं. 56 लाख रुपए कीमत वाले 2 बीएचके फ्लैट्स के बावजूद खरीदारों का रुझान यूडीए अधिकारियों को उत्साहित कर रहा है.
श्रद्धालु और पर्यटक उठाएंगे लुफ्त
प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि प्रतिकल्पा का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए डॉ. यादव ने ही इसका भूमिपूजन भी किया था. उनके अनुसार यह प्रोजेक्ट उज्जैन के शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होगा. महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को यहां खरीदारी, भोजन और घूमने के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.
नैवेद्य लोक की विज्ञप्ति निकलेगी
यूडीए सीईओ ने बताया कि नैवेद्य लोक की विज्ञप्ति भी दो-तीन दिनों में जारी होने जा रही है. नैवेद्य लोक का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जा चुका है. यहां इंदौर के 56 दुकान की तर्ज पर विभिन्न खानपान की दुकानें विकसित की जा रही हैं, जहां स्थानीय व्यंजन से लेकर देशभर के प्रसिद्ध फूड आइटम उपलब्ध होंगे. लोकार्पण के दौरान लगातार आठ दिनों तक बड़ी संख्या में शहरवासियों ने यहां पहुंचकर इस नए फूड जोन का आनंद लिया था.
यह प्रोजेक्ट शहर की शान
महाकुंभ 2028 की तैयारियों के बीच प्रतिकल्पा और नैवेद्य लोक जैसे प्रोजेक्ट उज्जैन को नया शहरी स्वरूप देने की दिशा में बड़ी पहल माने जा रहे हैं. अब देखने वाली बात यह होगी कि नैवेद्य लोक की दुकानों के लिए किस व्यापारी का टेंडर सबसे ऊंचा जाता है और उज्जैन में सबसे पहले किसके हाथों से चर्चित झालमुड़ी परोसी जाती है
