
कसरावद। किसानों के समर्थन में कांग्रेस का हल्लाबोल खलघाट टोल प्लाजा पर चक्का जाम, थमी नेशनल हाईवे की रफ्तार
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय के विरोध में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खलघाट टोल प्लाजा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भारी संख्या में किसानों ने उग्र प्रदर्शन किया। दोपहर ठीक 1:00 बजे शुरू हुए इस ‘चक्का जाम’ के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दिग्गज नेताओं ने संभाली कमान
आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए कांग्रेस के कई कद्दावर नेता जमीन पर उतरे। प्रदर्शन में मुख्य रूप से उमंग सिंघार (नेता प्रतिपक्ष)विजय लक्ष्मी साधो व बाला बच्चन (पूर्व मंत्री)कांतिलाल भूरिया (पूर्व केंद्रीय मंत्री) विधायक सचिन यादव, केदार डावर, झूमा सोलंकी और हीरालाल अलावा
मौजूद रहे।
आंदोलनकारी किसानों और कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश का किसान वर्तमान में खाद की किल्लत, फसलों के उचित दाम न मिलने और बिजली की समस्या से जूझ रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है, जिसके विरोध में यह सड़क पर उतरने का निर्णय लिया गया।
”जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलता और उनके साथ हो रहा अन्याय बंद नहीं होता, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। आज का यह चक्का जाम सरकार के लिए एक चेतावनी है।
दोपहर एक बजे से शुरू हुए इस जाम के कारण नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया। टोल प्लाजा के पास भारी पुलिस बल तैनात रहा, राहगीरों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
