इंदौर: किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर महा चक्काजाम कर सत्याग्रह आंदोलन किया। इंदौर के राऊ क्षेत्र के आगे पिगडबर गांव के पास आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों किसान ट्रैक्टर लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे और सड़क जाम कर दी।प्रदर्शन के दौरान हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबी भारी वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। किसानों ने बड़ी संख्या में ट्रैक्टर सड़कों पर खड़े कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
किसानों ने फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाने, भावांतर राशि का भुगतान सुनिश्चित करने, खाद एवं कीटनाशक दवाइयों की कमी दूर करने सहित कृषि से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। वहीं प्रशासन और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा तथा यातायात व्यवस्था संभालने के प्रयास किए गए।
