नल-जल योजना की खुली पोल, सरई में अधूरा काम बना आफत

सिंगरौली: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल, हर घर जल योजना सरई क्षेत्र में वर्ष 2024-25 की तय समय-सीमा बीत जाने के बाद भी अधूरी पड़ी है और जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। विकास के नाम पर क्षेत्र की सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। धनौजा मंदिर के सामने की स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। यहां पाइपलाइन बिछाने के लिए महीनों पहले गड्ढे खोदे गए थे, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं की गई।

खुले गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं और रोजाना लोग जोखिम उठाकर आवागमन करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि योजना के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है। स्थिति तब और चिंताजनक हो गई जब विभाग द्वारा पानी सप्लाई का ट्रायल किया गया। ट्रायल के दौरान ही कई स्थानों पर पाइपलाइन से पानी रिसने लगा, जिससे साफ हो गया कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई है। लीकेज के कारण पानी की बर्बादी के साथ-साथ सड़कों की हालत और खराब हो रही है। कई जगह गड्ढे और चौड़े हो गए हैं।

जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना था, लेकिन सरई क्षेत्र के कई मोहल्लों में आज भी लोग इस सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग और ठेकेदार पूरी तरह लापरवाह बने हुए हैं और शिकायतों के बावजूद कोई सुधार नहीं किया जा रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाए, पाइपलाइन की खामियों को दूर किया जाए और दोषी ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई हो। चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।

Next Post

खुटार चौराहे पर जाम के खिलाफ दुकानदारों और ऑटो चालकों को नियम पालन के सख्त निर्देश

Thu May 7 , 2026
सिंगरौली : जिले के खुटार चौराहे पर लगातार लग रहे जाम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। आम जनता को रोजाना हो रही परेशानी को देखते हुए चौकी प्रभारी शीतला यादव ने खुटार चौकी के स्टाफ के साथ पैदल मार्च कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया […]

You May Like

मनोरंजन