इंदौर:एरोड्रम रोड पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार दो छात्राओं को टक्कर मार दी. हादसे में 18 वर्षीय छात्रा प्रिया उर्फ प्रियांशी की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना रविवार शाम की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी वीडियो बुधवार को सामने आया.पुलिस के मुताबिक, जम्बूड़ी हप्सी में रहने वाली 18 वर्षीय प्रिया निजी स्कूल में 12वीं की छात्रा थी. वह अपनी सहेली के साथ स्कूटी नम्बर एमपी 09 डीपी 5172 से पितृ पर्वत घूमने गई थी.
शाम करीब 6.30 बजे लौटते समय एरोड्रम रोड पर मेट्रो निर्माण के चलते बनाए गए डायवर्सन के पास तेज रफ्तार पिकअप एमपी 09 जीजे 2636 ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों उछलकर 15-20 फीट दूर जा गिरीं. इसमें प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है, हादसे के कारणों की जांच के साथ चालक की तलाश भी की जा रही है.
जहां हादसा हुआ, वहां चल रहा मेट्रो निर्माण का काम
हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. बताया जा रहा है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां मेट्रो निर्माण का काम चल रहा है. हीकागिरी के आगे डायवर्सन बनाया गया है. ऐसे में सड़क की स्थिति बदली हुई थी. हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है. हादसा तेज रफ्तार से हुआ या डायवर्सन और सड़क की स्थिति भी कारण रही.
