भोपाल। संस्कृत शिक्षा को आधुनिक तकनीक और गेमिंग से जोड़ने की अभिनव पहल के लिए भोपाल के शिक्षक अभिषेक तिवारी ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के संस्कृत शिक्षक अभिषेक तिवारी द्वारा विकसित भारत के पहले गेमिफाइड संस्कृत पोर्टल ‘संस्कृत गेमिंग लैब’ को नेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है।
यह पोर्टल कक्षा 6 से 10 तक के एनसीईआरटी संस्कृत पाठ्यक्रम पर आधारित है। इसमें धातु रूप, शब्द रूप, संधि और अव्यय जैसे विषयों को आसान बनाने के लिए 100 से अधिक इंटरैक्टिव गेम, क्विज, क्रॉसवर्ड, वर्ड सर्च और मैचिंग मॉड्यूल तैयार किए गए हैं। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से देशभर के 16 हजार से अधिक विद्यार्थी जुड़ चुके हैं।
इस उपलब्धि का आधिकारिक सत्यापन नेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने किया है। रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र, मेडल और ट्रॉफी मिलने के बाद विद्यालय में आयोजित समारोह में प्राचार्य गौरव कुमार द्विवेदी ने अभिषेक तिवारी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
