अब दावे नहीं चलेंगे, महंगाई पर प्रभावी अंकुश लगाए सरकार : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और दूध, खाद्य वस्तुओं तथा रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों के दाम आसमान छूने से गरीब और मध्यम वर्ग का घरेलू बजट बिगड़ गया है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि दूध, चावल, आटा, दाल, खाद्य तेल, प्याज, आलू, टमाटर, चीनी और घी समेत जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज अमूल और मदर डेयरी ने भी एक बार फिर दूध के दाम बढ़ा दिये हैं।
उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद हिन्दुस्तान यूनिलीवर जैसे बड़े ब्रांडों ने डिटर्जेंट और होम केयर उत्पादों के दाम 11 प्रतिशत तक बढ़ा दिये हैं। सर्फ एक्सेल, रिन, व्हील और मोती गुलाब साबुन जैसी रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें बढ़ने से आम आदमी पर बोझ बढ़ रहा है।
श्री रमेश ने कहा कि सरकार एक ओर देश में चीनी का उत्पादन चार गुना तक बढ़ने और 36 लाख टन पुराना स्टॉक मौजूद होने का दावा करती है। दालों के मामले में भी सरकार पर्याप्त उत्पादन और उपलब्धता के दावे करती है। ऐसे में सवाल है कि यदि चीनी और दालों का पर्याप्त उत्पादन तथा स्टॉक मौजूद है तो आम जनता को महंगाई से राहत क्यों नहीं मिल रही है।
उन्होंने पेट्रोल में ई-20 ईंधन के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया और कहा कि देश की जनता को बढ़ती महंगाई और मिलावटी पेट्रोल की दोहरी मार क्यों झेलनी पड़ रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता को सरकारी दावे और नीतियों के वादे नहीं, बल्कि महंगाई पर प्रभावी अंकुश चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा, “आपने पहले कहा था- सब चंगा सी, अब तो- सब महँगी सी!”

.....

Next Post

UP में ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन, ओवैसी ने चंद्रशेखर को घोषित किया CM चेहरा, 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

Thu Nov 12 , 2026
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की सियासत में एक नए राजनीतिक गठबंधन ने दस्तक दी है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का ऐलान किया है। गठबंधन की ओर से […]

You May Like