जबलपुर: स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को देश के अग्रणी पायदान पर लाने के लिए अब नगर निगम के साथ-साथ शहर के प्रबुद्ध वर्ग ने भी कमान संभाल ली है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित स्वच्छता संवाद कार्यक्रम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और कॉफी हाउस एसोसिएशन के सैकड़ों पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और जबलपुर को स्वच्छता में नंबर 1 बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि शहर के जो नागरिक स्वच्छ सर्वेक्षण में साकारात्मक फीडबैक देकर अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करेगें उन सभी का स्वास्थ्य परीक्षण अस्पताल परिसर में शिविर लगाकर नि:शुल्क किया जायेगा।
आई.एम.ए. के सदस्यों ने स्वच्छता को स्वास्थ्य से जोड़ते हुए क्लीनिक और अस्पतालों में कचरा प्रबंधन के प्रति सजगता बढ़ाने का आश्वासन दिया। कॉफी हाउस एसोसिएशन सहित अन्य व्यापारिक संगठनों ने दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करने और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। नगर निगम द्वारा संचालित थ्री आर केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ नागरिक पुराने सामान को नया रूप देने और कचरे के सही निपटान की तकनीक सीख रहे हैं।
जनभागीदारी से ही बनेगी मिसाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि सरकारी मशीनरी के साथ जब समाज के डॉक्टर, व्यापारी, शिक्षाविद और कलाकार जुड़ते हैं, तभी कोई अभियान जन-आंदोलन बनता है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्कारधानी के लोगों के सहयोग से जबलपुर इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में इतिहास रचेगा। जब शहर का हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तो जबलपुर को नंबर 1 बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उधर नगर निगम द्वारा थ्री आर सेंटरों पर कराई जा रही गतिविधियों में समाज के हर वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से कचरे से कंचन बनाने की कला को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे लोग न केवल जागरूक हो रहे हैं बल्कि आनंदित भी महसूस कर रहे हैं।
