
सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित ट्रामा सेंटर अस्पताल में वार्ड आया के पद पर कार्यरत रितु राय ने तीन माह का वेतन न मिलने और अचानक नौकरी से हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है।
कलेक्टर को सौंपे आवेदन में रितु राय ने बताया कि वह वर्ष 2021 से ट्रामा सेंटर बैढ़न में वार्ड आया के रूप में कार्यरत थीं और प्रतिमाह 9 हजार रुपये मानदेय प्राप्त करती थीं। उनका आरोप है कि पिछले तीन माह से उन्हें वेतन नहीं दिया गया। वेतन मांगने पर जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा टालमटोल किया जाता रहा। पीड़िता ने आवेदन में उल्लेख किया है कि 29 अप्रैल को जब वह रोज की तरह ड्यूटी पर पहुंचीं तो मैट्रन उर्मिला जायसवाल एवं सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि द्वारा उन्हें कार्य करने से रोक दिया गया तथा 30 अप्रैल से अस्पताल आने से मना कर दिया गया। प्रार्थिया ने बकाया वेतन दिलाने और पुन: कार्य पर रखने की मांग की है।
