बैतूल। जिले के बर्राढाना गांव में भीषण आग की घटना में 18 घरों के जलकर राख होने और मवेशियों के मरने की दर्दनाक घटना पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। रविवार को वे स्वयं बर्राढाना पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
इस दौरान खण्डेलवाल ने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में पार्टी और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आगजनी की इस घटना से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और शासन स्तर पर हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों के पुनर्वास और सहायता के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
