जबलपुर: कुण्डम थानाअंतर्गत ग्राम मेहगवां में फसल की रखवाली करने गए एक दंपत्ति के साथ उस वक्त हाथ साफ कर दिया गया जब वे गहरी नींद में थे। शातिर चोर ने सोते समय महिला के पैरों से पायल निकाल ली और रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया है।जानकारी के अनुसार शिव प्रसाद मरावी (35) निवासी मेहगवां ने बताया कि वह बीती रात अपनी पत्नी के साथ उड़द की फसल की रखवाली करने खेत गया था।
थकान के कारण दोनों खेत में ही एक पेड़ के नीचे सो गए। तड़के किसी की आहट पाकर जब दंपत्ति की नींद खुली, तो उन्होंने गांव के ही सुरेंद्र मरावी को वहां से भागते देखा। तभी महिला को अहसास हुआ कि उसके पैरों से 50 हजार रुपये की कीमती पायल गायब है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर घेराबंदी कर संदेही सुरेंद्र मरावी (27) को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पायल कीमत लगभग 50 हजार रुपये विधिवत जब्त कर ली है।
