करोड़ों की सब्जी मंडी बनी बोझ, अब बनेगा आधुनिक जोन


उज्जैन:बहादुरगंज क्षेत्र में करोड़ों रुपए की लागत से बनी सब्जी मंडी, जो कभी अपने उद्देश्य को पूरा ही नहीं कर पाई, अब बदलाव की राह पर है. वर्षों तक सब्जी विक्रेताओं ने यहां रुख नहीं किया, और धीरे-धीरे यह स्थान अव्यवस्था, नशेड़ियों और अनैतिक गतिविधियों का अड्डा बन गया. इससे क्षेत्रीय जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ा.स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम में शिकायतें कीं और इस गैर-जरूरी ढांचे को हटाने की मांग भी उठाई. समय के साथ कई आयुक्त बदले, लेकिन समाधान नहीं निकला. अब जाकर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने इस दिशा में ठोस पहल करते हुए इस स्थान के पुनर्विकास का रास्ता साफ किया है.

आधुनिक जोन कार्यालय
वार्ड क्रमांक 24 स्थित पुरानी बहादुरगंज सब्जी मंडी के संबंध में आयुक्त ने निर्देश दिए कि यहां एक आधुनिक जोन कार्यालय के निर्माण की कार्य योजना तैयार की जाए. इसमें पार्किंग, नागरिक सुविधाएं और सुव्यवस्थित ढांचा प्राथमिकता में रखा जाएगा, ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिल सके.

जनता को मिलेगी राहत
इस निर्णय से क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही समस्याओं का अंत होने की उम्मीद है. अभी दूध तलाई क्षेत्र में संचालित जोन कार्यालय के आसपास फूलों की मंडी लगने से आम नागरिकों और कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. नए जोन कार्यालय के निर्माण से यह समस्या भी दूर होगी.

सिंहस्थ से पहले बदलेगी तस्वीर
प्रशासन का लक्ष्य है कि सिंहस्थ 2028 से पहले इस अनुपयोगी भवन को हटाकर नया निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि शहर की व्यवस्थाएं मजबूत और सुव्यवस्थित बन सकें. योगेश्वरी टेकरी क्षेत्र में मंदिर परिसर में पौधारोपण, पेवर ब्लॉक और सफाई व्यवस्था भी दुरस्त होगी. इस मौके पर जोन अध्यक्ष सुशील श्रीवास और जोनल अधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Next Post

ग्रीन बांड के बाद अब ब्लू बांड की जारी करने की तैयारी

Sat May 2 , 2026
इंदौर: नगर निगम अब ग्रीन बांड के बाद ब्लू बांड निकालने की तैयारी कर रहा है. ब्लू बांड के जरिए 450 एमएलडी पानी शहर में लाया जाएगा, जो 2047 के आत्मनिर्भर नगर निगम की योजना का हिस्सा है. उक्त 450 एमएलडी नर्मदा पानी की योजना में नगर निगम 16 सौ […]

You May Like