
बैतूल। भैंसदेही क्षेत्र की दूरस्थ कुकरु पंचायत में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
चौपाल में बिजली, पेयजल, राशन, आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और जल संसाधन विभाग को स्थायी समाधान के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को भौंडयाखुर्द से सिपना नदी का पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
क्षेत्र में मावा उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए आचार्य विद्यासागर योजना के तहत दुधारू पशुओं के लिए ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। स्व-सहायता समूहों की समीक्षा करते हुए 12 समूहों की 135 महिलाओं को बकरी पालन के लिए ऋण दिलाने तथा कम ब्याज दर पर भैंस पालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने रबड़ी और मावा जैसे उत्पादों को बढ़ावा देने तथा “कुकरु” ब्रांड विकसित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री वन धन योजना के तहत लकड़ी उत्पादों को बाजार में पहचान दिलाने और कोदो-कुटकी जैसे मिलेट्स की ग्रेडिंग के लिए मशीन उपलब्ध कराने की बात कही गई।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रंबल स्ट्रिप्स लगाने, पशुशेड योजना तैयार करने और सांस्कृतिक मंच निर्माण की मांग पर शीघ्र स्वीकृति के निर्देश दिए गए। आंगनवाड़ी भवन निर्माण, पेंशन के ई-केवाईसी और पशु चिकित्सीय सुविधा सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जमुखेड़ा सड़क निर्माण कार्य 15 जून तक पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
