इटारसी। नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के क्लीन स्वीप अभियान के तहत आज इटारसी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने एक संयुक्त ऑपरेशन में उड़ीसा से आई एक महिला तस्कर को करीब 9 किलो 755 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.94 लाख रुपये आंकी गई है।
सटीक मुखबिरी और नागपुर आउटर पर बिछा जाल
गुरुवार को थाना इटारसी को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की एक महिला भारी मात्रा में गांजा लेकर इटारसी पहुंची है और वह माल खपाने के इरादे से नागपुर आउटर की ओर जाने वाली है। सूचना मिलते ही एसडीओपी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गौरव बुंदेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घेराबंदी की ही थी कि एक संदिग्ध महिला बैग लटकाए आती दिखाई दी।
पुलिस को देख बदलने लगी रास्ता
पुलिस की वर्दी देखते ही महिला ने रास्ता बदलकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद महिला आरक्षकों और टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम देवकी राणा 55 वर्ष निवासी ग्राम सिलेटपाडा, थाना कांतामाल, जिला बोध, उड़ीसा बताया। जब उसके बैगों की तलाशी ली गई, तो खाकी भी हैरान रह गई। बैग के अंदर सेलो टेप से बेहद सावधानी से पैक किए गए गांजे के पैकेट मिले।
उड़ीसा से इटारसी का ट्रेन कनेक्शन
आरोपी महिला ने कबूल किया कि वह यह खेप उड़ीसा से ट्रेन के जरिए लेकर आई थी और इटारसी के स्थानीय तस्करों को ऊंचे दामों पर बेचने वाली थी। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इटारसी में इस महिला के संपर्क किन सफेदपोश नशा कारोबारियों से थे। थाना प्रभारी गौरव बुंदेला, उनि सुरेश चौहान, प्रधान आरक्षक मनमोहन अहिरवार, आरक्षक महेंद्र गुर्जर, अंकित गौर, राजेश पवार, दीपाली गोस्वामी और पूनम राजपूत, आरपीएफ निरीक्षक मनीष कुमार पाण्डे, आरक्षक निर्मल पटेल और राकेश मीना की टीम ने इस सफलता में योगदान दिया है।
