गौतमबुद्धनगर 21 मार्च (वार्ता) प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर पुलिस आयुक्त और यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और पार्किंग व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी द्वारा शनिवार को यह जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हेलीपैड से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक हर गतिविधि पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इसके अलावा कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल और समन्वय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पुलिस, ट्रैफिक, स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही आपातकालीन सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और कार्यक्रम को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
