इंस्टाग्राम का जाल पांच बच्चों की ममता पर भारी: रील वाले युवक के प्यार में 5 बच्चों को छोड़ भागी मां

छतरपुर: सोशल मीडिया का मोह किस कदर परिवारों को तबाह कर रहा है, इसका एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई दोस्ती के बाद एक महिला अपने पांच बच्चों को छोड़कर घर से चली गई। महिला अपने साथ ढाई साल की बच्ची को भी ले गई है। घटना को एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे आक्रोशित परिजनों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
इलाज का बहाना बनाकर निकली थी घर से
पीड़ित पति मूलचन्द्र अहिरवार ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। बीती 30 मार्च 2026 को उसकी पत्नी जिला अस्पताल में इलाज कराने का बहाना बनाकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 1 अप्रैल को कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पति का आरोप है कि पुलिस को महिला की लोकेशन का पता 15 दिन पहले ही चल गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कोई पुख्ता जानकारी नहीं दी जा रही है।
सोशल मीडिया पर ‘कट्टे-बंदूक’ वाले युवक से हुई दोस्ती
परिजनों के अनुसार, महिला इंस्टाग्राम के माध्यम से एक संदिग्ध युवक के संपर्क में आई थी। उक्त युवक सोशल मीडिया पर कट्टे और बंदूक के साथ वीडियो पोस्ट करता है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। परिजनों को आशंका है कि महिला उसी युवक के झांसे में आकर घर से भागी है। जाते समय महिला अपने साथ जरूरी दस्तावेज और बैंक पासबुक भी ले गई है।

घर में चार मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल
इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को बिखेर दिया है। घर पर मौजूद चार मासूम बेटियां अपनी मां के लिए तड़प रही हैं। वे बार-बार अपने पिता से एक ही सवाल पूछती हैं— “मम्मी कब आएंगी?” भावुक पिता ने एसपी से अपनी पत्नी और छोटी बच्ची को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मामले में एक माह से अधिक समय बीत जाने और सुराग मिलने के बावजूद पुलिस द्वारा महिला को दस्तयाब न कर पाना कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Next Post

कच्चे तेल में तेजी से लुढ़के शेयर बाजार, सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा फिसला

Thu Apr 30 , 2026
मुंबई, 30 अप्रैल (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में जारी तेजी से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 900 अंक से अधिक लुढ़क गया। पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति श्रृंखला बाधित रहने से कच्चा तेल पिछले कुछ दिनों से लगातार चढ़ता […]

You May Like

मनोरंजन