
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में ऐतिहासिक मतदान दर्ज किया गया है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 7:45 बजे तक 91.66 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो आज़ादी के बाद अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। इससे पहले राज्य में सबसे अधिक 84.72 प्रतिशत मतदान वर्ष 2011 के विधानसभा चुनाव में दर्ज किया गया था।
पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान प्रतिशत 92.47 रहा। चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में महिला मतदाताओं ने पुरुषों से अधिक भागीदारी दिखाई। जहां पुरुष मतदान 91.07 प्रतिशत रहा, वहीं महिलाओं का मतदान 92.28 प्रतिशत दर्ज किया गया। तीसरे लिंग के मतदाताओं की भागीदारी 91.28 प्रतिशत रही।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों ने सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत लाइव वेबकास्टिंग के जरिए मतदान प्रक्रिया की निगरानी की। चुनाव में मतदाताओं की सुविधा के लिए कई नई पहलें भी की गईं, जिनमें ईवीएम पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो, मोबाइल डिपॉजिट सुविधा और बेहतर मतदाता पर्चियां शामिल हैं।
विशेष रूप से दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, स्वयंसेवकों और परिवहन की व्यवस्था भी की गई, जिससे उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सकी। चुनाव आयोग ने बताया कि अंतिम आंकड़े बाद में जारी किए जाएंगे।
