
भोपाल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में मंगलवार को राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में आयोजित इस जुलूस में हजारों महिलाओं ने भाग लेकर विपक्षी दलों के खिलाफ नाराजगी जताई।
जुलूस सोमवारा पुलिस चौकी से शुरू होकर सुभाष चौक होते हुए लखेरापुरा पहुंचा, जहां सभा के साथ इसका समापन हुआ। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में नारे लगाए और कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के विरोध को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद लता वानखेड़े और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने कहा कि अधिनियम का विरोध महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने में बाधा डाल रहे हैं, जिसे देश की महिलाएं कभी स्वीकार नहीं करेंगी।
जुलूस में शामिल महिलाओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से विपक्ष पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि देश की नारी शक्ति अपने अधिकारों के लिए सजग है और विरोध करने वालों को जवाब देगी।
मशाल जुलूस में मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
