इंदौर:रात होते ही हीरानगर और बाणगंगा इलाके में पुलिस का काफिला मैदान में उतरा और एक साथ शुरू हुई कार्रवाई से ढाबों पर हड़कंप मच गया. पुलिस द्वारा चलाया जा रहा कासो (कॉम्बिंग एंड सर्च ऑपरेशन) के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई होटल ढाबों पर दबिश दी, जहां ग्राहकों को बैठाकर शराब परोसी जा रही थी. इस दौरान 8 ढाबा मालिकों पर केस दर्ज किए, जबकि कुछ को सख्त हिदायत दी.
जोन तीन की पुलिस टीमें डीसीपी राजेश व्यास के निर्देशन में मैदान में उतरीं. टीम का नेतृत्व एडीसीपी रामस्नेही मिश्रा कर रहे थे, उनके साथ एसीपी रुबिना मिजवानी भी साथ थीं, देर रात पुलिस की टीमें अलग-अलग ग्रुप में बंटी और एक के बाद एक ढाबों पर पहुंचकर दबिश दी. जैसे ही पुलिस दाऊ दा ढाबा पहुंची, वहां बैठे लोग संभल भी नहीं पाए. इसके बाद गुरु ढाबा, द हड्डी, एमके ढाबा, बुंदेलखंड ढाबा, बंबइया ढाबा सहित अन्य ढाबों पर भी छापे मारे गए. कई जगहों पर खुलेआम शराब पीते लोग मिले, जिन्हें पुलिस ने मौके से पकड़ा. कार्रवाई के दौरान करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में भी लिया गया.
लंबे समय से ढाबों पर शराब परोसने की मिल रही थी शिकायतें
एडीसीपी रामस्नेही मिश्रा का कहना है कि लंबे समय से इन ढाबों पर देर रात अवैध रूप से शराब पिलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं. इसी के आधार पर यह विशेष ऑपरेशन चलाया, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में अंजाम दिया है. रेड के बाद पुलिस टीम मैदान में उतरीं और गौरी नगर, जाम का बगीचा और रूप नगर में पैदल मार्च किया. इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई और कुछ लोगों को पकड़कर थाने लाया गया, जिन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. पूरी कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा. एसीपी रुबिना मिजवानी का कहना है कि इस तरह के ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके
