नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने सोमवार को देश भर में 200 से अधिक स्थानों पर मेगा एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रमों का आयोजन किया जिसमें बैंक के अधिकारियों ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान बताये।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम में बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक चंद्रा भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बीच एमएसएमई की सहायता के लिए सरकार और रिजर्व बैंक का जो भी निर्देश होगा उसका पालन किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इस आउटरीच कार्यक्रम एमएसएमई को सुलभ, अनुकूलित और प्रतिस्पर्धी दरों पर वित्तीय समाधान प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है, जो उद्यमिता और आर्थिक विकास के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करता है। इसमें उद्यमियों, उद्योग प्रतिभागियों और बैंकिंग विशेषज्ञों को एक मंच अपनी बात रखने का मौका मिला।
कार्यक्रम में विभिन्न व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुसार तैयार किए गए एमएसएमई-केंद्रित ऋण उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला के बारे में भी जानकारी दी गयी।
पीएनबी के सीजीएम फिरोज हसनैन ने कहा, “एमएसएमई नवाचार, रोजगार और समावेशी विकास के शक्तिशाली इंजन हैं। इस मेगा आउटरीच कार्यक्रम के माध्यम से हम उद्यमियों को, यहाँ तक कि जमीनी स्तर पर भी, समय पर ऋण, निर्बाध डिजिटल पहुंच और विशेष वित्तीय समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा ध्यान बैंकिंग को सरल बनाने, निर्णय लेने की प्रक्रिया में तेजी लाने और व्यवसायों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए सशक्त बनाने पर है।”
