आप ने पार्टी के साथ विश्वासघात करने वाले राज्यसभा सांसदों के खिलाफ प्रदर्शन किए

जालंधर 26 अप्रैल (वार्ता) पंजाब में सत्तारुढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के कथित विश्वासघात के विरोध में शहर के विभिन्न हलकों में जोरदार और व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए।

यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इन प्रदर्शनों के दौरान पूरे प्रदेश में चल रही मुहिम के तहत पुतले फूंके गए और पार्टी छोड़ने वाले सांसदों के खिलाफ जोरदार के नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंजाब की मिट्टी और लोगों के हितों के साथ धोखा करने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि पंजाब की अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों से जुड़ा हुआ मामला है।

नेताओं ने अपने बयान में कहा: ”पंजाब की मिट्टी के साथ गद्दारी करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति या पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि पंजाब के सिद्धांतों, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए है। जो लोग अपने निजी लाभ के लिए पंजाब के हितों को बेच रहे हैं, उन्हें जनता की ओर से कड़ा जवाब मिलेगा। अगर यह गद्दारी तुरंत बंद नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में यह रोष और अधिक तीव्र तथा व्यापक रूप धारण करेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के लोग अब जागरूक हो चुके हैं और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पंजाब के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ जारी रहा, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस मौके पर वरिष्ठ नेता अतुल भगत , नितिन कोहली (हलका प्रभारी , जालंधर सेंट्रल), मेयर वनीत धीर, मंगल सिंह बस्सी चेयरमैन, सहित विभिन्न विंगों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Next Post

उज्जैन जिला गेहूं खरीदी में प्रदेश में दूसरे स्थान पर-कलेक्टर

Sun Apr 26 , 2026
उज्जैन। किसानों के हित में प्रदेश सरकार अनेक योजनाओं का संचालन कर रही है। वहीं फसलों को खरीदने के लिए उपार्जन केंद्र का संचालन कर वहां पर सभी प्रकार की सुविधाएं किसानों को दी जा रही है। जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना इस भीषण गर्मी में ना […]

You May Like