
इटारसी। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेले जा रहे इंटर क्लब नर्मदा ट्रॉफी टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला जीसीए नर्मदापुरम और प्रोस्टार्ट इटारसी के बीच एमपीसीए ग्राउंड पर शुरू हुआ। दो दिवसीय इस मैच में जीसीए अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोस्टार्ट इटारसी की टीम 65वें ओवर में 251 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से सोनू ने शानदार 155 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके। जीसीए की ओर से गौतम बौरासी ने 4 विकेट झटके, जबकि प्रज्ज्वल मीणा को 2 और आयुष संतोरे व आरुष उपाध्याय को 1-1 सफलता मिली।
जवाब में जीसीए अकादमी ने संयमित शुरुआत करते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक 24 ओवर में 2 विकेट खोकर 129 रन बना लिए। शिखर गंगराड़े 46 और आदर्श शर्मा 33 रन बनाकर नाबाद लौटे। प्रोस्टार्ट की ओर से अभिषेक ने दोनों विकेट हासिल किए। मुकाबले का एक दिन शेष है, जिससे मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।
मैच के शुभारंभ अवसर पर क्रिकेट संघ के पदाधिकारी, अंपायर, कोच और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
