
सिंगरौली । जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में आज रविवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कांटा मोड़ के पास डिवाइडर से बाइक टकराने से 24 वर्षीय युवक दीपक यादव की मौत हो गई। मृतक दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और इन दिनों अपने गांव पीपरखड़ में एक दोस्त की बहन की शादी समारोह में शामिल होने आया हुआ था। घटना के बाद परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और करीब चार घंटे तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार दीपक यादव बीते शनिवार की रात अपने एक दोस्त की बाइक लेकर बैढ़न गया था। देर रात लौटते समय कांटा मोड़ के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एनसीएल अस्पताल की मरचुरी में रखवा दिया। आज रविवार की सुबह जैसे ही दीपक की मौत की खबर परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कांटा मोड़ पहुंच गए और सुबह करीब 11 बजे सड़क पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दीपक की मौत सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग तीन बजे पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और उनकी शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। मोरवा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह मोरवा एक्सप्रेसवे पर युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
