
दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के रोंड गांव में रविवार सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. यहां एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा की सोते समय पत्थर या सबल (लोहे के औजार) से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई.जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 51 वर्षीय चन्नू पिता कंछेदी रैकवार के रूप में हुई है. वह घर के पास बारी (खेत किनारे बने स्थान) में सो रहे थे. सुबह करीब 7 बजे जब उनकी बेटी सुषमा रैकवार उन्हें जगाने पहुंची, तो पिता खून से लथपथ हालत में पड़े मिले.गंभीर हालत में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.मौत से पहले लिया भतीजे का नाम
बेटी सुषमा के मुताबिक, घायल अवस्था में पिता ने खुद बताया कि उन पर हमला उनके भतीजे रामजी रैकवार ने किया है.इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और पुलिस को सूचना दी गई.
*सोते समय किया गया घातक हमला*
परिजनों के अनुसार, चन्नू रैकवार पर सोते समय सबल से 3-4 बार वार किए गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ.खास बात यह रही कि शरीर पर गंभीर चोटें थीं, लेकिन चेहरे पर कोई निशान नहीं मिला. घटनास्थल पर खून के निशान और आरोपी के कपड़ों पर भी खून लगा होना बताया जा रहा है.
*आरोपी अभिरक्षा में, वजह अब भी रहस्य*
घटना की सूचना मिलते ही नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल व चौकी प्रभारी मनीष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए. पुलिस ने आरोपी रामजी रैकवार को अभिरक्षा में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.थाना प्रभारी के अनुसार, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, हालांकि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से तनाव था और आरोपी आए दिन धमकी भी देता था.सवालों के घेरे में रिश्ते
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.आखिर ऐसा क्या हुआ कि भतीजे ने अपने ही चाचा की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी? फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है.पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है.
