
छिंदवाड़ा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से दिनांक रविवार को विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। यह अभियान एसपी अजय पांडे के मार्गदर्शन एवं एएसपी आशीष खरे के निर्देशन में चलाया जा रहा है। जिसके तहत ऑटो तथा अन्य वाहनों की सघन जांच की गई। आवश्यक दस्तावेजों जैसे बिना हेलमेट, सीटबेल्ट, बगल में सवारी, काली फिल्म, तेज गति वाहन चलाना आदि की जांच सुनिश्चित की गई। साथ ही वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधिसम्मत चालानी कार्रवाई की गई तथा उन्हें नियमों के पालन हेतु समझाइश भी दी गई। अभियान का संचालन उप पुलिस अधीक्षक रामेश्वर चैबे के नेतृत्व में थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक राकेश तिवारी एवं समस्त यातायात स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग न करना, तेज गति से वाहन चलाना, काली फिल्म , बगल में सवारी बैठाना जैसे उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान निम्नानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
इन मामलों में लगाया गया जुर्माना
बिना हेलमेट वाहन संचालन से 195 प्रकरण पर 58,500 रूपये। बिना सीट बेल्ट के संचालन के 20 प्रकरण पर 10,000 रूपये, यातायात संकेतों का उल्लंघन के 08 प्रकरण से 4000 रूपये, तेज गति से वाहन संचालन के 06 प्रकरण से 6000 रूपये, काली फिल्म प्रकरण के 02 मामले से 1000 रूपये, चालक के व्दारा बगल में सवारी बैठाने के 01 मामले पर 500 रूपये, बिना नंबर प्लेट के 13 प्रकरणों से 6500 रूपये, बगैर दस्तावेज के वाहन चालन के 12 प्रकरणों से 6000 रूपये. नोपार्किंग में वाहन खड़ा करने के 09 प्रकरण से 4500 रूपये और दोपहिया वाहन मे तीन सवारी बैठाने के 02 प्रकरणों से 1000 रूपये समन शुल्क की राशि वसूल किया गयी।
विषेष अभियान के तहत लगाया जुर्माना
विशेष अभियान के अंतर्गत बसो, आंटो एवं अन्य वाहनो पर निम्न चालानी कार्यवाही की गई। जिसमें बस का परमिट न होने पर 01 प्रकरण से 10000 रूपये, वाहन चालक व्दारा वर्दी धारण न करने के 07 प्रकरणों से 3500 रूपये, वाहन में पात्रता से अधिक सवारी बैठाना के 02 प्रकरणों से 800 रूपये, वाहन की पी.यू.सी. न होने के 02 प्रकरणों से 2000 रूपये समन शुल्क की राशि वसूल की गयी । इस प्रकार कुल 280 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर 1 लाख 14 हजार 300 रूपये समन शुल्क वसूल किया गया। यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित वाहन चलाएं तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। यातायात पुलिस द्वारा इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे, जिससे सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
