
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के बदरवास विकासखंड में अदाणी फाउंडेशन ने ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल की है. ग्राम बूढ़ा डोंगर में ‘परिधान प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र’ की शुरुआत कर अदाणी फाउंडेशन ने रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का नया द्वार खोला है. इस आधुनिक केंद्र का शुभारंभ आज केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया. यह केंद्र न केवल महिलाओं को रोजगार प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण के जरिए आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त भी बनाएगा.
बदरवास के ग्राम बूढ़ा डोंगर में अदाणी फाउंडेशन द्वारा स्थापित परिधान प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र करीब दो हेक्टेयर क्षेत्र में बनाया गया है. इस अत्याधुनिक यूनिट में 600 से अधिक आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनके जरिए अब स्थानीय ग्रामीण महिलाएं गारमेंट्स निर्माण में दक्ष बनेंगी. अदाणी फाउंडेशन के इस केंद्र से 1500 से अधिक महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा. यहां महिलाओं को पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे जैकेट समेत विभिन्न परिधान और अन्य गारमेंट उत्पाद तैयार कर सकेंगी. प्रशिक्षण के साथ-साथ उन्हें नियमित रोजगार भी मिलेगा, जिससे उनकी आय में स्थायी वृद्धि होगी.
*राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचेगा महिलाओं का उत्पाद*
अदाणी फाउंडेशन के प्रयासों से इस केंद्र में बनने वाले उत्पादों का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विपणन किया जाएगा. महिलाओं द्वारा तैयार की गई जैकेट और अन्य परिधान अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी भेजे जाएंगे, जिससे ग्रामीण महिलाओं की मेहनत को वैश्विक पहचान मिलेगी.
*बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद*
इस शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं. अदाणी फाउंडेशन के सीईओ डॉ. अभिषेक लखटकिया भी इस अवसर पर उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भर बनाना और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.
*सिंधिया ने की कोलारस में 2500 करोड़ के रक्षा संयंत्र की घोषणा*
इसी कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोलारस क्षेत्र के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि अदाणी ग्रुप द्वारा अगले दो महीनों में 2500 करोड़ का रक्षा संयंत्र स्थापित किया जाएगा. यह संयंत्र कोलारस से लगभग 15 किलोमीटर दूर कोटा हाईवे और बॉम्बे–ग्वालियर हाईवे के संगम पर बनेगा.
*रक्षा संयंत्र से मिलेगा 2000 लोगों को रोजगार*
सिंधिया ने बताया कि इस रक्षा परियोजना से करीब 2000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा. कृषि और टमाटर उत्पादन के लिए पहचाने जाने वाला कोलारस अब रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी देश को मजबूती देगा. यह परियोजना जिले की दो दशकों पुरानी औद्योगिक मांग को पूरा करेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति देगी.
